New Delhi : भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष और पटना के बांकीपुर से पांच बार के विधायक नितिन नबीन 20 जनवरी को पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में शपथ ले सकते हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और सभी प्रदेशाध्यक्ष शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि नितिन नबीन इस पद पर 2029 तक बने रहेंगे।
सियासी जानकारों का कहना है कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती पश्चिम बंगाल की होगी। पश्चिम बंगाल में भाजपा हर हाल में सत्ता में आना चाहती है। इसके अलावा, इस साल असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में युवा नेता नितिन नबीन की जिम्मेदारियां और बढ़ जाएंगी।
प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद कहा था कि “नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे युवा और समर्पित नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उनके विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए वे जाने जाते हैं। उनकी ऊर्जा और समर्पण पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा।”
बांकीपुर से पांच बार के विधायक
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं। 2006 में अपने पिता, तत्कालीन विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की अचानक मृत्यु के बाद, नितिन नवीन ने BJP के टिकट पर उपचुनाव लड़ा और जीता। तब से वह यह सीट जीतते आ रहे हैं। उनके पिता ने भी 1995 से 2006 तक इसी सीट का प्रतिनिधित्व किया था।
Also Read : सीआरपी ऑफ कैंप में आर्ट ऑफ लिविंग की छह दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ


