Jamshedpur : CRPF जादूगोड़ा में मंगलवार को आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से क्षेत्रीय कावा, जादूगोड़ा के तत्वाधान में छह दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला बल के कार्मिकों और उनके परिवार की महिलाओं को तनावमुक्त रखने और उनके समग्र कल्याण के उद्देश्य से आयोजित की गई है। कार्यक्रम का आगाज क्षेत्रीय कावा रेनू सिंह और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर कैंप के जवानों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस उप महानिरीक्षक रमेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए ताकि बल के कार्मिक और उनके परिवार मानसिक रूप से स्वस्थ और तनावमुक्त रह सकें। उन्होंने इसे कार्मिकों के समग्र कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यशाला में आर्ट ऑफ लिविंग के गुरु अर्चना चौरसिया और नवीन चौरसिया ने कहा कि आंतरिक शांति और बाहरी गतिशीलता बनाए रखने के लिए ध्यान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को ध्यान करने के विभिन्न तरीके सिखाए और मानसिक रूप से फिट रहने के उपाय बताए। उनका कहना था कि समाज का उद्देश्य होना चाहिए कि हर व्यक्ति तनावमुक्त रहे और हर चेहरे पर मुस्कान हो। इस कार्यशाला में डीआईजी मेडिकल डॉ. उर्मिला गारी, कमांडेंट पंकज सिंह, सीएमओ डॉ. मीना नवीन, उप प्रमुख क्षेत्रीय कावा सविता जायसवाल, उप कमांडेंट नीरज कुमार और पवन कुमार, सहायक कमांडेंट जफर आलम व तरुण बेरा, साथ ही महिला और पुरुष कर्मी तथा परिवार की महिलाएं शामिल हुईं। सभी ने पूरे मन से कार्यशाला में भाग लिया और खुद को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का संकल्प लिया।
Also Read : Blinkit ने हटा दिया “10 मिनट में डिलीवरी” का दावा, वर्कर्स की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम


