Gumla : DC प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में जिले में चल रहे बोर्ड एग्जाम विजय अभियान के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए विशेष मॉक टेस्ट–II का आयोजन 08 से 10 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। यह मॉक टेस्ट दो पालियों में होगा और इसे आगामी 03 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए वास्तविक परीक्षा की तरह आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले नवंबर 2025 में पहला मॉक टेस्ट लिया गया था, जिसमें छात्रों की विषयवार तैयारी, उत्तर लिखने की क्षमता और परीक्षा अनुशासन का आकलन किया गया था। इसके आधार पर कमजोर छात्रों की पहचान कर उनके लिए स्कूलों में विशेष कक्षाएं चलाई गईं, जिससे उनकी पढ़ाई में सुधार हुआ।
मॉक टेस्ट–II में कक्षा 10वीं और 12वीं (कला, विज्ञान और वाणिज्य) के वे सभी छात्र शामिल होंगे, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा 2026 का फॉर्म भरा है। पहले मॉक टेस्ट में कमजोर पाए गए छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो ने निर्देश दिया है कि कमजोर छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं का तेजी से और गहराई से मूल्यांकन किया जाए, ताकि उनकी कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
मॉक टेस्ट के बाद 15 से 30 जनवरी 2026 तक विशेष सुधारात्मक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त कक्षाएं, दोहराव अभ्यास, मॉडल प्रश्नों पर काम और व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि सभी छात्र बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
जिले के सभी माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को मॉक टेस्ट, उपस्थिति और विशेष कक्षाओं को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। मॉक टेस्ट के दौरान छात्रों को समय प्रबंधन और परीक्षा अनुशासन का अभ्यास भी कराया जाएगा।
जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और विद्यालयों के संयुक्त प्रयास से इस अभियान को सफल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि छात्र आत्मविश्वास के साथ बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम हासिल कर सकें।



