Patna : नए साल के अवसर पर पटना जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहेगा। 104 सार्वजनिक और संवेदनशील जगहों पर 125 से अधिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
31 दिसंबर की शाम 6 बजे से 1 जनवरी की शाम 6 बजे तक गंगा नदी में नाव सेवा बंद रहेगी। संजय गांधी जैविक उद्यान, इको पार्क, गांधी मैदान, कुम्हरार, पटना जंक्शन हनुमान मंदिर, इस्कॉन मंदिर, नेहरू पथ स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर और पटन देवी मंदिर जैसे सभी प्रमुख स्थलों पर प्रशासन सतर्क रहेगा।
पिकनिक स्पॉट पर आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिला कंट्रोल रूम में 24 घंटे काम करने वाले 24 दंडाधिकारी रिजर्व रखे गए हैं। सभी SDM और SDPO को अपने क्षेत्र में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स तैनात करने का आदेश दिया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम नदी में गश्ती करेगी।
नाव परिचालन पर रोक के लिए 4 मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। पटना पुलिस और जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर 24×7 किसी भी संदेहास्पद सूचना की रिपोर्ट की जा सकती है: 0612-2219810 / 2219234 या 112।
भीड़-भाड़ वाले प्रमुख स्थानों जैसे इको पार्क, संजय गांधी जैविक उद्यान, हनुमान मंदिर, इस्कॉन मंदिर और बुद्धमार्ग पर एम्बुलेंस और चिकित्सक दल तैनात किए गए हैं। इन जगहों पर क्यूआरटी टीम भी रखी गई है।
31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी की देर रात तक वाहनों की एंट्री को कंट्रोल करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। जेपी गंगा पथ और रिवर फ्रंट पर पैदल गश्ती की जाएगी। बाइकर्स गैंग या अन्य हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।


