Ranchi : मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। दिन के समय आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। यह स्थिति 2 जनवरी तक बनी रह सकती है। उत्तरी झारखंड के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को सुबह के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राज्य में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
घने कोहरे से जनजीवन और हवाई यातायात प्रभावित
सोमवार सुबह उत्तरी झारखंड में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर पलामू क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनी रही, जबकि रांची और आसपास के इलाकों में ठंड का असर लगातार महसूस किया गया। पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। हालांकि रविवार की तुलना में ठंड में थोड़ी राहत मिली है। मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कांके में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। रांची एयरपोर्ट से चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई फ्लाइट देरी से पहुंचीं। कोलकाता-रांची और दिल्ली-रांची की कुछ उड़ानें रद्द रहीं, जबकि अन्य उड़ानें एक से दो घंटे की देरी से आईं।
अगले दो दिन बढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद करीब पांच दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है, जिससे नए साल के जश्न में कुछ राहत मिलेगी। हालांकि लातेहार, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर का असर बना रह सकता है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हजारीबाग में 1 जनवरी से हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन 4 जनवरी से फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं।
Also Read : महिला हॉकी लीग में श्राची बंगाल टाइगर्स की विजयी शुरुआत, सूरमा को 1-0 से हराया


