Patna : बिहार के 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास रच दिया। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज शतक बनाया। उनकी इस पारी में 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे।
वैभव की यह पारी उनके आत्मविश्वास का प्रतीक है। कुछ दिन पहले ही अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें आउट होने के बाद आलोचना का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस धमाकेदार शतक ने उनकी आलोचना का करारा जवाब दे दिया। इस शतक के साथ ही वैभव ने यूसुफ पठान के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। केवल अनमोलप्रीत सिंह का 35 गेंदों का शतक उनसे तेज है। इसके अलावा, वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
वैभव सूर्यवंशी का यह लिस्ट-ए क्रिकेट में तीसरा शतक है और 2025 में यह उनका सातवां शतक है। उन्होंने हाल ही में टी20 में भी शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ 57 गेंदों में 108 रन बनाए। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए भी उन्होंने 38 गेंदों में शतक बनाकर सबसे कम उम्र में आईपीएल शतकवीर बनने का रिकॉर्ड बनाया।
Also Read : शॉर्ट सर्किट से लगी आ’ग, कार और गैरेज जलकर खाक


