Johar Live Desk : असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरोनी इलाके में जारी हिंसक प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना की पुष्टि सीएम डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने की है। उन्होंने कहा कि हालात को काबू में रखने के लिए बुधवार को इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
हिंसा की शुरुआत सोमवार को हुई थी, जब कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के चीफ एग्जीक्यूटिव मेंबर और वरिष्ठ बीजेपी नेता तुलीराम रोंगहांग के डोंगकामोका स्थित घर में आग लगा दी गई। इसके बाद से जिले में तनाव बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें पुलिस पर पत्थर फेंके गए। इस दौरान कम से कम 38 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक आईपीएस अधिकारी भी शामिल है। वहीं, दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।
डीजीपी हरमीत सिंह ने बताया कि हालात शांत करने के लिए दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है, लेकिन हिंसा के कारण स्थिति बिगड़ गई। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और शांति बहाल करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने 22 दिसंबर से बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है। शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा रैलियों, जुलूस, हथियार ले जाने, पटाखे जलाने और भड़काऊ भाषणों पर भी रोक लगाई गई है।
Also Read :शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी में हलचल


