Ranchi : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस मौके पर टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सौंपकर खुशी साझा की।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत डोमेस्टिक क्रिकेट में झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि है और पूरे राज्य को इस पर गर्व है।

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के अपने अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, तीरंदाजी और अन्य खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे राज्य में खेलों को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने राज्य में मजबूत खेल वातावरण बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल सके। सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने जेएससीए से खिलाड़ियों के लिए विदेशों में प्रशिक्षण और मैच खेलने की व्यवस्था करने की पहल करने को कहा। इससे खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और उनका प्रदर्शन और निखरेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक खेल प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए, ताकि नए खिलाड़ियों को पहचान मिल सके। इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मौजूद रहे।



