Johar Live Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज ओमान दौरे का दूसरा दिन है। इस दौरान भारत और ओमान के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता 21वीं सदी में भारत-ओमान की साझेदारी में नया विश्वास और उत्साह लेकर आएगा।
ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम सभी एक परिवार की तरह इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने भारतीय विविधता की खूबियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति में हर दिन नया रंग और हर मौसम नया उत्सव लेकर आता है। उन्होंने कहा कि भारतीय कहीं भी जाएं, वे वहां की संस्कृति और नियमों का सम्मान करते हैं और उसी तरह ओमान में भी भारतीय समुदाय वहाँ की संस्कृति के साथ घुल-मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने दिवाली को लेकर भी बात की और कहा कि यूनेस्को ने दिवाली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि अब दिवाली का दीया सिर्फ हमारे घरों को नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को रोशन करेगा और यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
मोदी ने भारत-ओमान संबंधों की भी तारीफ की और कहा कि आज दोनों देशों का ‘भारत-ओमान मैत्री पर्व’ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पर्व के माध्यम से दोनों देशों की दोस्ती और साझा सांस्कृतिक और समृद्ध भविष्य का उत्सव मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने मैत्री पर्व का मतलब भी बताया: M – Maritime Heritage (समुद्री विरासत), A – Aspiration (आकांक्षा), I – Innovation (नवाचार), T – Trust and Technology (विश्वास और तकनीक), R – Respect (सम्मान), I – Inclusive Growth (समावेशी विकास)।


