Johar Live Desk : दिल्ली में नए साल से यात्रियों के लिए एक नई टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है। केंद्र सरकार की पहल पर देश की पहली कोऑपरेटिव टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ 1 जनवरी 2026 से अपना मोबाइल ऐप लॉन्च करेगी। इस नई सेवा के आने से दिल्लीवासियों को ओला, उबर और रैपिडो के अलावा एक भरोसेमंद और किफायती विकल्प मिलेगा।
भारत टैक्सी को यात्रियों और ड्राइवरों दोनों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस ऐप के जरिए लोग ऑटो-रिक्शा, कार और बाइक टैक्सी बुक कर सकेंगे और अपनी जरूरत और बजट के अनुसार विकल्प चुन पाएंगे। सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस प्लेटफॉर्म पर सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी, यानी पीक ऑवर्स या बारिश में किराया अचानक नहीं बढ़ेगा। किराया दरें स्थिर रहने का दावा किया गया है।
सरकारी सहयोग से शुरू की जा रही इस सेवा का मकसद यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और पारदर्शी सेवा देना है। ड्राइवरों की आमदनी बढ़ाने पर भी खास ध्यान दिया गया है। भारत टैक्सी में ड्राइवरों को कुल किराए का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मिलेगा, जो ओला-उबर जैसे प्लेटफॉर्म्स की तुलना में ज्यादा है। दिल्ली में करीब 56 हजार ड्राइवर पहले ही इस प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
सुरक्षा के लिहाज से भारत टैक्सी ऐप में रियल-टाइम ट्रैकिंग, केवल वेरिफाइड ड्राइवर, और 24×7 कस्टमर सपोर्ट की सुविधा होगी। ऐप को कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सभी लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
यह सेवा फैमिली ट्रैवलर्स, कॉरपोरेट यूजर्स और पर्यटकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। कैश और डिजिटल पेमेंट, पारदर्शी बिलिंग और बेहतर सुरक्षा फीचर्स के साथ भारत टैक्सी दिल्ली में मौजूदा कैब सेवाओं का एक मजबूत विकल्प बनेगी। अगर यह सेवा सफल रही, तो भविष्य में इसे अन्य शहरों में भी लॉन्च किया जा सकता है।


