Johar Live Desk : सर्दियों के मौसम में बच्चों की सेहत का खास ध्यान रखना जरूरी होता है। ठंड के कारण बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है और थोड़ी सी लापरवाही भी उन्हें बीमार कर सकती है। ऐसे में बच्चों के नहाने, खाने और पहनावे पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड के मौसम में बच्चों को नहलाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
सर्दियों में बच्चों को कितनी बार नहलाना चाहिए?
विशेषज्ञ के अनुसार, सर्दियों में बच्चों को रोज नहलाना जरूरी नहीं होता। ठंड के मौसम में रोज नहाने से बच्चों की त्वचा रूखी हो सकती है और उन्हें ज्यादा ठंड लग सकती है। आमतौर पर बच्चों को हफ्ते में 2 से 3 बार नहलाना पर्याप्त होता है। बार-बार नहलाने से त्वचा और बालों का प्राकृतिक तेल खत्म हो जाता है। आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा दोनों ही मानते हैं कि ठंड के मौसम में बार-बार नहाना बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकता है, जिससे त्वचा सूखी, फटी और सर्दी-खांसी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
सर्दियों में बच्चों के बाल कितनी बार धोएं?
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में बच्चों के बाल गर्मियों की तुलना में कम बार धोने चाहिए। आमतौर पर हफ्ते में 1 से 2 बार बाल धोना सही माना जाता है।
- एक साल से कम उम्र के बच्चों के बाल हफ्ते में 1-2 बार ही धोएं।
- 8 से 12 साल के बच्चे हफ्ते में 2-3 बार शैम्पू कर सकते हैं।
- 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए बाल धोने की संख्या उनके बालों के प्रकार पर निर्भर करती है।
ऑयली बालों वाले बच्चों को हफ्ते में 2-3 बार और सूखे या घुंघराले बालों वाले बच्चों को 7-10 दिन में एक बार बाल धोने की सलाह दी जाती है।
सर्दियों में बच्चों को नहलाते समय रखें ये सावधानियां
- हमेशा गुनगुने पानी से बच्चे को नहलाएं।
- नहलाने का समय सुबह सूरज निकलने के बाद या शाम को सूरज ढलने से पहले रखें।
- नहाने के दौरान कमरे को बंद रखें ताकि ठंडी हवा न लगे।
- नहाने के बाद बच्चे को तुरंत तौलिए से सुखाएं और गर्म कपड़े पहनाएं।
- त्वचा को रूखा होने से बचाने के लिए बिना खुशबू वाला मॉइस्चराइजर या नारियल तेल लगाएं।
- बच्चों को सूती और गर्म कपड़े पहनाएं, जिससे त्वचा सुरक्षित रहे।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर माता-पिता इन बातों का ध्यान रखें, तो बच्चे सर्दियों में भी स्वस्थ और सुरक्षित रह सकते हैं।
Disclaimer : यह जानकारी केवल सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
Also Read : सर्दियों में मीठा खाने की क्रेविंग हो तो ट्राई करें आल्मंड-डेट ब्राउनी


