Johar Live Desk : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज यानी रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अब तक एक-एक मैच जीता है, ऐसे में सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। तीसरा टी20 बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीरीज में बढ़त बना लेगी।
धर्मशाला में टी20 का रिकॉर्ड
धर्मशाला में अब तक कुल 10 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें 4 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 4 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं। 2 मैच बेनतीजा रहे हैं। इस मैदान पर औसत स्कोर करीब 150 रन है। यहां का सबसे बड़ा टी20 स्कोर 200/3 रन है, जो दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 2 अक्टूबर 2015 को बनाया था। वहीं सबसे कम स्कोर 47 रन का है, जो आयरलैंड ने नीदरलैंड के खिलाफ 13 मार्च 2016 को बनाया था।
धर्मशाला में टीम इंडिया का रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने धर्मशाला में अब तक 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इनमें से 2 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि 1 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। यह हार 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली थी, जब उसने 200 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
मौसम का हाल
वेदर डॉट कॉम के अनुसार मैच के दौरान धर्मशाला में बादल छाए रह सकते हैं। शाम के समय बारिश की संभावना करीब 10 प्रतिशत है। हालांकि बारिश के कारण मैच के प्रभावित होने की संभावना कम है और दर्शकों को पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
कप्तान और उपकप्तान पर दबाव
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल का फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है। दोनों पर इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा। शुभमन गिल ने पिछले 14 मैचों में 23.9 की औसत से 263 रन बनाए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 20 मैचों में 14.35 की औसत से सिर्फ 206 रन ही बनाए हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के पास अब सिर्फ 8 मैच बचे हैं। ऐसे में टीम अब ज्यादा प्रयोग नहीं करना चाहती और प्लेइंग-11 में स्थिरता लाने पर जोर दिया जा रहा है। इसलिए टीम में बड़े बदलाव की संभावना कम है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे/कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
दक्षिण अफ्रीका : एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, मार्को जेनसेन, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, एनरिक नॉर्टजे/कॉर्बिन बॉश, ओटनील बार्टमैन, लुंगी एनगिडी।
कब और कहां देखें मैच
तीसरा टी20 मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी।
Also Read : आज मुंबई में सचिन तेंदुलकर और सुनील छेत्री से मिलेंगे लियोनल मेसी

