Patna : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान विकास योजनाओं को लेकर दिए गए निर्देशों की आज समीक्षा बैठक बुलाई। पटना में हुई बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सीएम को प्रेजेंटेशन के जरिए योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान 22 विभागों से संबंधित 430 योजनाओं को स्वीकृति दी गई थी। इनमें से 428 योजनाओं को विभागों ने मान्यता दे दी है, जबकि 2 योजना तकनीकी कारणों से अनुपयुक्त पाई गई हैं। अब तक 21 योजनाओं का काम पूरा हो चुका है और बाकी योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 38 जिलों में ये योजनाएं समय पर पूरी हों। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के दिसंबर और 2025 के जनवरी-फरवरी में प्रगति यात्रा के दौरान मिले फीडबैक और जमीनी स्थिति के आधार पर 430 नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई, जिन पर 50 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य के सभी क्षेत्रों और वर्गों के विकास के लिए योजनाओं पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम किया जाए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि बिहार देश के 5 विकसित राज्यों में शामिल हो।


