Patna : शीतलहर के असर को देखते हुए पटना जू प्रशासन ने वन्यजीवों के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही जू में सभी पशु-पक्षियों को गर्मी उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था लागू की गई है। जू प्रशासन के अनुसार हाथियों को नियमित अंतराल पर सरसों तेल की मालिश दी जा रही है, ताकि उनकी त्वचा गर्म रहे। उनके आहार में गन्ना, सोयाबीन, मौसमी फल और उबला धान शामिल किया गया है। वहीं मांसाहारी जानवरों के भोजन में भी बढ़ोतरी की गई है। सभी वन्यजीवों को कैल्शियम और मल्टीविटामिन की खुराक दी जा रही है।
पक्षियों के इंक्लोजर में ठंड से बचाव के लिए प्लास्टिक शीट और एग्रोनेट से घेराव किया गया है, ताकि आवश्यक रोशनी और वेंटिलेशन बना रहे। नाइट हाउस की खिड़कियों और वेंटिलेशन को फूस की घास और बांस की चचरी से बंद किया गया है, जिससे ठंडी हवा अंदर न जा सके। भालू को विशेष आहार में शहद, अंडा और गुड़ की खीर दी जा रही है। बंदर, लंगूर, चिंपांजी, हूलॉक गिब्बन और मकाक प्रजाति के जानवरों को कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं अजगर, कोबरा, वाइपर और धामीन जैसे सरीसृपों के सेल में फर्श पर कंबल बिछाए गए हैं और तापमान बनाए रखने के लिए बल्ब लगाए गए हैं।
चिंपांजी के आहार में च्यवनप्राश, शहद, गुड़ की खीर, आंवला का मुरब्बा और मौसमी फल शामिल किए गए हैं। बाघ के बाड़े और अन्य नाइट हाउस में ऑयल हीटर लगाए गए हैं, ताकि सामान्य तापमान बरकरार रहे। सभी सेल में वन्यजीवों के बैठने के लिए लकड़ी के प्लेटफॉर्म भी रखे गए हैं। जू प्रशासन ने बताया कि शीतलहर के दौरान सभी वन्यजीवों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
Also Read : लैंड फॉर जॉब मामला: राउज एवेन्यू कोर्ट में आज आ सकता है बड़ा फैसला


