Patna : सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपए की सहायता राशि DBT के माध्यम से ट्रांसफर की। इसके लिए मुख्यमंत्री आवास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और कई वरिष्ठ अधिकारी व विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल 1,000 करोड़ रुपए की राशि आज 10 लाख महिलाओं को भेजी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक इस योजना के तहत लगभग 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को 10 हजार रुपए प्रति लाभार्थी की दर से सहायता दी जा चुकी है।
महिलाओं के अनुभव
पश्चिमी चंपारण की सुनीता ने कहा कि उन्हें यह राशि मिलने से बहुत खुशी है। भागलपुर की फूलन कुमारी ने बताया कि अब वह अपने छोटे व्यवसाय शुरू कर सकीं। दरभंगा की जीविका दीदी ने कहा कि उन्होंने भगवान से प्रार्थना की थी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बने और उनकी प्रार्थना पूरी हुई।
कौन-कौन लाभान्वित हुए?
राशि पाने वाली महिलाओं में ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 9 लाख 50 हजार और शहरी क्षेत्रों की 50 हजार महिलाएं शामिल हैं। ये सभी जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं हैं, जिन्हें पहले भी आर्थिक गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण और सहायता दी गई थी।
योजना का उद्देश्य और आवेदन प्रक्रिया
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना और उन्हें छोटे-छोटे रोजगार शुरू करने में सहायता करना है। शहरी क्षेत्र की महिलाओं से ऑनलाइन आवेदन लिए गए, जबकि ग्रामीण महिलाओं ने पंचायत स्तर पर ऑफलाइन फॉर्म भरे। प्राथमिकता उन महिलाओं को दी गई जो पहले से जीविका समूह की गतिविधियों में सक्रिय हैं।
सरकार ने बताया कि हाल ही में जीविका संगठन से जुड़ी लगभग 13 लाख महिलाओं ने भी ऑनलाइन आवेदन किया है, और उनके खातों में भी आने वाले चरणों में राशि भेजी जाएगी।
Also Read : धनबाद में 15 वर्षीय नाबालिग की ह’त्या, लोहा चोरी के विवाद का संदेह


