Giridih : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कारोडीह गांव में गुरुवार शाम जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान जमकर गोलीबारी और पेट्रोल बम चलाए गए। अचानक हुई घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार और एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले आरोपित मौके से भाग निकले। बाद में पचम्बा थाना पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए।
एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्हें भी गोली चलने और पेट्रोल बम फेंके जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद जमुआ और पचम्बा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कई कथित जमीन माफियाओं के नाम सामने आए हैं, जिनमें पचम्बा के सन्नी रायन, जुगनू, सब्बीर और परसाटांड के बिजय वर्मा शामिल बताए जा रहे हैं।
पीड़ित अखिलेस्वर सिन्हा और उनके पुत्र हर्ष सिन्हा ने आरोप लगाया कि वे अपने जमीन पर चारदीवारी निर्माण करा रहे थे, तभी सन्नी रायन अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि सन्नी ने मजदूरों से मारपीट की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड गोली चलाई। साथ ही, मौके पर पेट्रोल बम भी फोड़े गए।

हर्ष सिन्हा ने बताया कि सन्नी रायन पिछले कई दिनों से रंगदारी की मांग कर उन्हें परेशान कर रहा था। रंगदारी नहीं देने पर यह हमला किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Also Read : धनबाद में बढ़ते अपराध को लेकर आईजी सख्त, अधिकारियों को दिये कड़े निर्देश

