Jamtara : फतेहपुर प्रखंड के अगेया सरमुंडी मोड़ से शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने भाग लिया।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि जामताड़ा जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र के अगेया सरमुंडी, जो दुमका जिले की सीमा के बाद पहला मतदान केंद्र है, वहीं से यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतीकात्मक पहल के माध्यम से जिलेभर में एकजुटता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में इसे पूरे जिले में विस्तार दिया जाएगा ताकि एकता की भावना मजबूत हो।
कार्यक्रम प्रभारी सूरज झा ने कहा कि भाजपा के बैनर तले यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है और इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की चेतना जगाना है।

कुणाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस ‘रन फॉर यूनिटी’ से यह संदेश दिया गया है कि जिले के युवा हर परिस्थिति में देश को सशक्त बनाने के लिए तत्पर हैं।
भाजपा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरित होकर युवाओं ने एकता दौड़ में भाग लेकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
जिला उपाध्यक्ष राम सिंह यादव ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती पूरे देश में एकता के प्रतीक के रूप में मनाई जा रही है। इस मौके पर जिला महामंत्री मितेश शाह, दिलीप हेमब्रम, जिला सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राउत, भाजपा नेता विष्णु महतो, सुबल भंडारी, मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, वरुण मंडल, सुमित सहित अनेक स्थानीय युवा उपस्थित थे।

