Chaibasa : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब केबल टीवी कंट्रोल रूम में एक कर्मचारी अरविंद कुमार शर्मा का शव संदिग्ध अवस्था में कुर्सी पर मिला। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आशंका का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना सामुदायिक भवन परिसर में स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम की है। मृतक अरविंद कुमार शर्मा वहीं कार्यरत थे। उन्हें गुरुवार सुबह कुर्सी पर टेबल के सहारे झुके हुए मृत अवस्था में पाया गया। सबसे पहले यह जानकारी भवन के केयरटेकर को हुई, जो सुबह कंट्रोल रूम पहुंचा था। दरवाजा खुला देखकर जब उसने अंदर झांका, तो अरविंद अचेत दिखे।
संदेह होने पर केयरटेकर ने तुरंत झामुमो प्रखंड महासचिव आलोक टोपनो और मजदूर नेता वीर सिंह मुंडा को सूचना दी। दोनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किरीबुरु थाना को सूचित किया। थाना प्रभारी रोहित कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक अरविंद कुमार शर्मा ने बुधवार (18 जून) की शाम सीने में हल्का दर्द होने की शिकायत की थी और अपने साथियों से अस्पताल जाने की बात कही थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वे वाकई किरीबुरु सेल अस्पताल गए थे या नहीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दिल का दौरा पड़ने जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर संभावित पहलु पर जांच कर रही है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
Also Read : झारखंड के कई जिलों में दो दिन से लगातार बारिश, रांची समेत 5 जिलों को मौसम विभाग ने किया अलर्ट
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 19 JUNE 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल