Chandil : चांडिल के चौका थाना क्षेत्र के सावडीह गांव के पास सोमवार सुबह एक खेत में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान चंचला देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह तमाड़ थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह गांव की रहने वाली थीं, जबकि उनका ननिहाल ईचागढ़ थाना क्षेत्र के कुटाम गांव में है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौका थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को महिला के गले में साड़ी का पल्लू फंसा मिला, चेहरे पर सूजन थी और नाक से खून निकल रहा था। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है और बाद में शव को खेत में फेंक दिया गया।
चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि पुलिस मृतका के परिजनों से संपर्क कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : CM ने किया बख्तियारपुर गंगा रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट का निरीक्षण
Also Read : ट्रैफिक जांच में टाटा स्टीलकर्मी से बदसलूकी पर SSP का एक्शन, दोषी सिपाही निलंबित…