Chaibasa : चाईबासा के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल स्थित सुखदेवलंगर नाला से बरामद युवक के शव मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है। 15 जून को काटेपाड़ा के ग्रामीण मुंडा द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि सुखदेवलंगर नाला के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिससे तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में शव की पहचान कराई। देर शाम मृतक की पहचान मुकेश बारजो के तौर पर की गयी। करीब 20 साल का मुकेश बारजो जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छोटामदुलडीहा निवासी पीतम बारजो का बेटा था।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव के ही रहने वाले फंटुस लागुरी के साथ मुकेश बारजो का आपसी विवाद हुआ था। विवाद के दौरान फंटुस लागुरी ने मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी आधार पर मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो (19 वर्ष) ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
प्राथमिकी दर्ज, विशेष टीम का गठन
शिकायत के आधार पर जगन्नाथपुर थाना मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित रेणु के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी शाखा की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी फंटुस लागुरी (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गदुनाह कबूल कर लिया है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू, इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा, थानेदार टिंकु कुमार दास, एसआई विश्वनाथ टेम्ब्रम, एएसआई मनमथो प्रधान, तकनीकी शाखा के एएसआई अभय कुमार तथा जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Also Read : पुर्तगाल में हरपाल सिंह की गाड़ियों पर फा’यरिंग, राहुल आरके मीणा ने ली जिम्मेदारी

