Ranchi : राजधानी रांची के धुर्वा डैम से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक युवक के डूबने की सूचना मिली है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और पुलिस के साथ-साथ NDRF की टीम को भी बुलाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार युवक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है, जो धुर्वा के आदर्श नगर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह धुर्वा डैम घूमने आया था, इसी दौरान वह पानी में चला गया और डूब गया।
मौके पर जुटी भीड़, खोजबीन जारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। डैम के आसपास लोगों की भीड़ लग गई है। पुलिस ने भी तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और तलाश शुरू कर दी, लेकिन शुरुआती प्रयासों में युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
NDRF की टीम को लगाया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को भी सूचना दी है। टीम के पहुंचने के बाद अब गोताखोरों की मदद से पानी में युवक की तलाश तेज की जाएगी।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
धुर्वा डैम में पहले भी कई बार डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गहराई का अंदाजा न लगने और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डैम और अन्य जलाशयों में सावधानी बरतें और बिना जानकारी पानी में न उतरें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read : गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का तोहफा, झारखंड-बंगाल के लिए 12 समर स्पेशल ट्रेनें


