Ranchi : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित मनिटोला में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। शुरुआत में इसे सामान्य मौत मानकर शव को दफना दिया गया था, लेकिन बाद में पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि महिला की स्वाभाविक मौत नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस हत्या के मामले में मृतका की सगी बेटी का नाम सामने आया है। पुलिस ने बेटी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कब्र से निकलवाया गया शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। हत्या की आशंका के बाद कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में महिला के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पूरे कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह साफ होगा कि महिला की मौत किस तरह हुई और हत्या किस तरीके से की गई।
बेटी पर हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका की बेटी ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि हत्या पहले से सोची-समझी साजिश के तहत की गई। घटना के बाद मामले को छिपाने के लिए इसे सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की गई, ताकि किसी को शक न हो।
तीन आरोपी गिरफ्तार
डोरंडा थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मृतका की बेटी और उसके दो अन्य सहयोगियों को हिरासत में ले लिया। तीनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद और आपसी रंजिश जैसे कारण सामने आ रहे हैं, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
Also Read : ALERT ! जामताड़ा डीसी के नाम बना डाला फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, विदेशी नंबर का हो रहा इस्तेमाल


