Ranchi : झारखंड में मौसम ने पिछले 24 घंटे में ऐसा पलटा मारा है कि लोग हैरान रह गए हैं। जहां कुछ दिन पहले तक गर्मी धीरे-धीरे पैर पसार रही थी, वहीं अब रात में हल्की सिहरन महसूस होने लगी है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तापमान अचानक गिर गया है।
रांची में पारा लुढ़का, लोग फिर ढूंढने लगे स्वेटर
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री तक गिर गया। दिन में भले ही धूप चुभ रही हो, लेकिन रात होते-होते ठंडी हवा लोगों को फिर से स्वेटर और हल्की जैकेट निकालने पर मजबूर कर रही है। सिर्फ रांची ही नहीं, जमशेदपुर और बोकारो में भी न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री तक नीचे चला गया। देर रात और सुबह-सुबह हल्की ठंड का एहसास साफ महसूस किया जा रहा है। वहीं लोहरदगा जिले में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 4 डिग्री कम है। यहां के लोग भी अचानक बदले मौसम से चौंक गए हैं।
बंगाल की खाड़ी का असर, बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड पर पड़ रहा है। इस सिस्टम की वजह से असम और आसपास के राज्यों में ज्यादा असर दिख रहा है, लेकिन इसकी ठंडी हवाएं झारखंड तक पहुंच रही हैं। रात के समय हवा में नमी और ठंडक बढ़ने से पारा लुढ़क गया है। यही वजह है कि अचानक मौसम ने यू-टर्न ले लिया।
मौसम का डबल रोल
हालांकि दिन के समय धूप अब भी तेज है। देवघर, धनबाद, पाकुड़, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में आज न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। यानी दिन में पसीना और रात में ठंड – मौसम इस समय पूरा “डबल रोल” निभा रहा है।
होली पर बढ़ेगी गर्मी?
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि दोपहर का तापमान 36 डिग्री तक जाने की संभावना है। ऐसे में इस बार होली गर्मी वाली रहने के आसार हैं। फिलहाल लोगों को सलाह दी जा रही है कि मौसम के इस बदलते मिजाज में सेहत का खास ख्याल रखें दिन में हल्के कपड़े और रात में हल्की गर्माहट का इंतजाम जरूर रखें।
Also Read : TSPC का सब जोनल कमांडर आदिल अंसारी रांची पुलिस के शिकंजे में, लंबे समय से था फरार


