Bokaro : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार को मतदान को देखते हुए DC अजय नाथ झा और SP नाथू सिंह मीणा ने चंदनकियारी प्रखंड के इंटरस्टेट चेकनाका बिरखम और मुर्गातल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ निर्देश दिया कि अंतर्राज्यीय सीमा को पूरी तरह सील रखा जाए। किसी भी हालत में संदिग्ध या अनचाहे लोगों की आवाजाही नहीं होनी चाहिए। मुख्य रास्तों के साथ-साथ वैकल्पिक मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।
हर वाहन की सख्ती से जांच
डीसी और एसपी ने चेकपोस्ट पर तैनात टीम को निर्देश दिया कि छोटे-बड़े सभी वाहनों की सघन जांच की जाए। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि या सामग्री मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग करने और चुनाव आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
हर रास्ते पर नजर, पगडंडियों तक निगरानी
जिले के चास, कसमार और चंदनकियारी के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जांच अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्य सड़कों के साथ-साथ छोटी सड़कों और पगडंडियों तक पर सुरक्षा बलों की नजर है। इस दौरान अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीपीओ चास प्रवीण सिंह समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : ‘समान काम, समान वेतन’ की मांग को लेकर सहायक शिक्षकों का प्रदर्शन, मंत्री इरफान अंसारी के आवास के बाहर धरना


