Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने कक्षा 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। रिजल्ट जारी होते ही छात्रों का इंतजार खत्म हो गया और पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार भी रिजल्ट में लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉपर्स सूची में अपना दबदबा बनाए रखा है।
हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी बनीं राज्य टॉपर
इस वर्ष की राज्य टॉपर प्रियांशु कुमारी बनी हैं, जिन्होंने हजारीबाग स्थित इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने 500 में से 498 अंक हासिल कर 99.60 प्रतिशत के साथ राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। उनके साथ शिवांगी कुमारी, प्रेम कुमार साहू और सुनील कुमार वर्मा ने भी 498 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया है।
छात्रों में खुशी, वेबसाइट पर ऐसे देखें रिजल्ट
रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों और घरों में जश्न का माहौल बन गया। छात्र-छात्राएं अपने परिणाम देखकर उत्साहित नजर आए। इस साल पास प्रतिशत में पिछले साल की तुलना में सुधार देखने को मिला है।
छात्र अपना रिजल्ट JAC की आधिकारिक वेबसाइट jacresults.com और jac.jharkhand.gov.in पर रोल नंबर डालकर देख सकते हैं।
लड़कियों के बेहतर प्रदर्शन से बढ़ी खुशी
टॉपर्स सूची में लड़कियों की संख्या अधिक होने से अभिभावक और शिक्षक भी काफी खुश हैं। प्रियांशु कुमारी की इस उपलब्धि की हर तरफ सराहना हो रही है। बोर्ड ने सभी सफल छात्रों को बधाई दी है।


