Hazaribagh : हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया। राहुल दूबे गैंग द्वारा कोलियरी क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना को पुलिस ने नाकाम कर दिया। इस मामले में गैंग के एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजदीप कुमार साव, निवासी बालुमाथ थाना क्षेत्र (लातेहार) और मुनिका कुमारी, निवासी केरेडारी थाना क्षेत्र (हजारीबाग) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पुलिस कार्बाइन, दो देशी पिस्टल, पांच जिन्दा राउंड, AK-47 व SLR राइफल की मैग्जीन, छह मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल (JH19D-7532) भी जब्त की है। इस बात का खुलास बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार ने किया है।
एसडीपीओ पवन कुमार ने मीडिया को बताया कि कुख्यात गैंगस्टर राहुल दूबे और आशीष साव के निर्देश पर गैंग के सदस्य मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचे थे। इनका मकसद कोलियरी क्षेत्र में रंगदारी न देने वालों को डराने के लिए फायरिंग करना था। इसी बीच हजारीबाग पुलिस कप्तान अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही एसपी ने बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार की देखरेख में SIT का गठन किया। SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिलैक्स होटल के पास से राजदीप कुमार साव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पुलिस कार्बाइन और एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में उसने गैंग की महिला सदस्य मुनिका कुमारी के पास हथियार छुपे होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हेन्देगीर स्थित मुनिका कुमारी के घर पर छापामारी की। तलाशी के दौरान वहां से एक लोडेड देशी पिस्टल, AK-47 राइफल के चार मैग्जीन, SLR राइफल के पांच मैग्जीन और जिन्दा राउंड बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों को बड़कागांव पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस पूरे मामले का खुलासा करने में बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर ललित कुमार, गिद्दी थानेदार राणा भानु प्रताप सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी स्थु उरांव और केरेडारी थानेदार विवेक कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और रंगदारी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
Also Read : राहुल दूबे गैंग की फाय’रिंग योजना नाकाम, दो सदस्य गिरफ्तार

