Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य के दो IPS अधिकारियों को सीनियर टाइम स्केल में प्रमोट किया गया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गयी गी। प्रमोशन पाने वालों में 2014 बैच के आईपीएस विकास कुमार पांडेय और सादिक अनवर रिजवी शामिल हैं। इस फैसले के बाद दोनों अधिकारियों के वेतनमान में बढ़ोतरी होगी और उन्हें सेवा में अगली श्रेणी का लाभ मिलेगा।
लेवल-11 वेतनमान में किया गया शामिल
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-11 में रखा गया है। यह वेतनमान आईपीएस अधिकारियों के करियर में एक अहम पड़ाव माना जाता है। इससे न सिर्फ उनकी सैलरी बढ़ेगी, बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकती हैं।
पिछली तिथि से लागू होगा आदेश
इस फैसले की एक खास बात यह भी है कि इसे पिछली तिथि से लागू किया गया है। अधिसूचना में साफ कहा गया है कि दोनों अधिकारियों को यह लाभ 19 जुलाई 2023 से मिलेगा। ऐसे में उन्हें करीब डेढ़ साल का एरियर भी मिलने की संभावना है।
सेवा अवधि पूरी होने पर मिलता है स्केल
सीनियर टाइम स्केल आमतौर पर आईपीएस अधिकारियों को एक निश्चित सेवा अवधि पूरी करने के बाद दिया जाता है। यह उनके अनुभव और सेवा रिकॉर्ड को देखते हुए तय किया जाता है। इस स्केल में आने के बाद अधिकारियों के करियर में आगे प्रमोशन के रास्ते भी खुलते हैं।

Also Read : जमशेदपुर में झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद


