Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गौरी शंकर रोड स्थित पटनिया मुहल्ला में की गई, जहां से युवाओं को नशीली दवाएं बेचे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। गुप्त सूचना के आधार पर एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर सिटी एसपी ने जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। टीम ने तुरंत छापेमारी करते हुए किराए के मकान से 55 वर्षीय मो. मुमताज अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं। इनमें 74 बोतल ट्रीम ब्रॉनकॉफ-सी कफ सिरप और 770 निटकोर-10 टैबलेट शामिल हैं। जांच में पता चला कि सिरप में कोडीन फॉस्फेट और गोलियों में नाइट्राजेपाम मौजूद है, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है। आरोपी इन दवाओं को चोरी-छिपे स्थानीय युवकों को महंगे दामों पर बेचता था।
पुलिस ने इस मामले में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छापेमारी टीम में डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि इलाके में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Also Read : रांची दु’ष्कर्म कांड पर भाजपा सख्त, पीड़िता को सुरक्षा और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग


