Ranchi : चाईबासा के सारंडा जंगल का शांत माहौल बुधवार को एक बार फिर गोलियों की आवाज से गूंज उठा। बड़ानागरा इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हुई, जो देर शाम तक जारी रही। जंगल के अंदर दोनों तरफ से लगातार फायरिंग होती रही, जिससे पूरा इलाका दहशत में रहा।
चार जवान घायल, रांची में इलाज जारी
इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के चार जवान घायल हो गए। घायलों में सत्य प्रकाश, प्रेम चंद, जितेंद्र कुमार और शैलेश कुमार दुबे शामिल हैं। सभी को तुरंत एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां राज अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि सभी जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुबह मिली थी नक्सलियों की मूवमेंट की सूचना
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी शुरू की गई। इसी दौरान एक पहाड़ी के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों का आमना-सामना हो गया और अचानक फायरिंग शुरू हो गई।
40 से 50 नक्सली जंगल में थे मौजूद
सूत्रों के मुताबिक, जंगल में करीब 40 से 50 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। उन्होंने सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान चार जवानों को गोली लगी और वे घायल हो गए।
नक्सलियों को भी नुकसान, सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ में नक्सलियों को भी नुकसान होने की खबर है। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से ज्यादा नक्सलियों को गोली लगी है। हालांकि घने जंगल और अंधेरा होने की वजह से सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और रुक-रुक कर अभी भी फायरिंग की आवाज आ रही है।
आईजी अभियान ने क्या कहा
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह आईजी अभियान डॉ माइकल राज ने बताया कि मुठभेड़ जारी है और चार जवान घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी जवान खतरे से बाहर हैं और ऑपरेशन जारी है। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं और नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। आने वाले समय में इस मुठभेड़ से जुड़े और अपडेट सामने आ सकते हैं।
Also Read : BREAKING : चाईबासा में मुठभेड़, मिसिर बेसरा दस्ता के साथ हो रही गोलीबारी, एक जवान जख्मी


