Hazaribagh : रामनवमी जुलूस के दौरान शुक्रवार की देर रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो गंभीर घटनाएं सामने आईं। एक घटना में एक व्यक्ति की भुजाली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी घटना में एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में तनाव का माहौल देखा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेलावल ओपी क्षेत्र में मुखिया के भाई की हत्या
पहली घटना पेलावल ओपी थाना क्षेत्र के गदोखर गांव में हुई। यहां रामनवमी जुलूस के दौरान गांव के मुखिया के 40 वर्षीय भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव की भुजाली से हमला कर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जुलूस के दौरान दो युवक एक वाहन के बोनट पर चढ़कर नाच रहे थे। इस पर रामा साव ने उन्हें नीचे उतरने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों युवकों और रामा साव के बीच बहस हो गई। बताया जा रहा है कि बहस के बाद दोनों युवकों ने अचानक रामा साव पर भुजाली से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण रामा साव की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी आपसी रंजिश चल रही थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
कोर्रा थाना क्षेत्र में चाकूबाजी, समाजसेवी घायल
दूसरी घटना कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढा गोलंबर के पास हुई। यहां कोऑपरेटिव कॉलोनी निवासी और ब्रह्मर्षि समाज के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मुकेश कुमार सिंह को तुरंत आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार मुकेश कुमार सिंह की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्रों में जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रांची में रामनवमी पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब… देखें वीडियो

