ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर, हादसे में दो बाइक सवार जख्मी एक की स्थिति चिंताजनक

गिरिडीह : गावां थाना क्षेत्र के अमझर में गुरुवार की देर रात ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके से ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। इधर, परिजन दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद ले गए।

घायलों में गावां थाना क्षेत्र के गोरियाचू निवासी दीपक विश्वकर्मा (45) और बच्चू राम (35) शामिल हैं। दोनों एक साथ बाइक से बलहरा बाजार से वापस अपने घर गोरियाचू लौट रहे थे। इसी दौरान अमझर गांव में विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक में सामने से जाेरदार टक्कर मार दी।

बाइक सवार दोनों गंभीर रूप घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के असर्फी हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां पर दीपक विश्वकर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।