Godda : गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में 27 दिसंबर 2025 को ईसीएल परियोजना के ललघुटवा डंप साइड पर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए डोजर मशीन पर फायरिंग की और आग लगा दी। इस घटना को दो अज्ञात अपराधियों ने अंजाम दिया था।
घटना के बाद 28 दिसंबर 2025 को ललमटिया थाना में कांड संख्या 94/25 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के SP मुकेश कुमार के निर्देश पर महागामा के SDPO के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
एसआईटी ने मानवीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ललघुटवा निवासी मो. आरिफ (उम्र लगभग 20 वर्ष) और बड़ा भोड़ाय निवासी मो. इम्तियाज अंसारी (उम्र 33 वर्ष) शामिल हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक खोखा, घटनास्थल से गोली का अगला हिस्सा, दो मोबाइल फोन और बिना रजिस्ट्रेशन की एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। छापामारी दल में ललमटिया थाना और बोआरीजोर प्रभाग के कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।


