Ranchi : राजधानी रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब इसका असर साफ दिखने लगा है। साल 2025 में शहर में कुल 84 करोड़ रुपये का ट्रैफिक चालान काटा गया, लेकिन इसमें से सिर्फ करीब 10 करोड़ रुपये ही जमा हो पाए हैं। बाकी लगभग 70 करोड़ रुपये अब भी बकाया हैं। ऐसे में ट्रैफिक विभाग अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। जल्द ही बकायेदारों के वाहनों को जब्त किया जाएगा।
बकाया राशि करोड़ों में पहुंची
रांची में दोपहिया से लेकर चारपहिया और कमर्शियल वाहनों तक, सभी कैटेगरी के चालकों ने नियम तोड़े हैं। खासकर बाइक चालकों में नियम तोड़ने की आदत ज्यादा देखने को मिल रही है। बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में चलने जैसी लापरवाही आम बात हो गई है। यही वजह है कि चालान की बकाया राशि करोड़ों में पहुंच गई है।
नोटिस के बाद होगी सख्त कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस अब बकायेदारों पर शिकंजा कसने जा रही है। सबसे पहले ऐसे लोगों को नोटिस भेजा जाएगा और उन्हें तय समय के अंदर चालान जमा करने का मौका दिया जाएगा। अगर इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया, तो सीधे वाहन जब्त करने की कार्रवाई होगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी है।
सड़कों पर बढ़ेगी चेकिंग
अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में शहर में ट्रैफिक चेकिंग और तेज होगी। खासकर उन इलाकों पर फोकस रहेगा जहां नियमों का उल्लंघन ज्यादा होता है। बकाया चालान वाले वाहनों की पहचान कर मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन सुविधा के बावजूद लापरवाही
ट्रैफिक विभाग ने चालान भरने के लिए ऑनलाइन और डिजिटल पेमेंट की सुविधा दी है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बावजूद ज्यादातर लोग समय पर चालान जमा नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया आसान होने के बाद भी लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे।
जागरूकता अभियान भी जारी
सिर्फ सख्ती ही नहीं, ट्रैफिक पुलिस लोगों को जागरूक करने में भी लगी है। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक जगहों पर अभियान चलाकर नियमों की जानकारी दी जा रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे नियमों का पालन करें और समय पर चालान जमा करें।
महीनेवार जमा चालान राशि (2025)
- जनवरी: 12,66,125
- फरवरी: 5,98,510
- मार्च: 6,42,205
- अप्रैल: 3,85,060
- मई: 5,39,460
- जून: 9,35,835
- जुलाई: 1,16,175
- अगस्त: 11,99,515
- सितंबर: 11,07,795
- अक्टूबर: 9,59,835
- नवंबर: 9,46,455
- दिसंबर: 11,78,560
क्या बोले ट्रैफिक एसपी
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने साफ कहा है कि जुर्माना वसूली को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पहले बकायेदारों को नोटिस दिया जाएगा, लेकिन अगर इसके बाद भी चालान जमा नहीं हुआ तो वाहन जब्त करने से पीछे नहीं हटेंगे।
Also Read : नारी सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं, दोषियों को फांसी की सजा मिले : आदित्य साहू


