Ranchi : विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध अब विधानसभा परिसर तक पहुंच गया है. छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मांडू विधायक तिवारी महतो ने मंगलवार को विधानसभा परिसर के बाहर सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया. उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताते हुए छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की.
तिवारी महतो ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस तरह से पुलिस ने कार्रवाई की, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने के लिए आंदोलन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है.
छात्रों की आवाज दबाना कायरता
मांडू विधायक ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलन कर रहे युवाओं की समस्याएं सुननी चाहिए और उनके साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए. इसके बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल कर आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है.
तिवारी महतो ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. ऐसे में उनके साथ सख्ती से पेश आने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने छात्रों पर हुई कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया.
विधायक ने छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को लेकर सरकार से जवाब मांगा. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और कहा कि कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए.




