साहिबगंज में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत, एक गंभीर रूप से जख्मी

साहिबगंज : राजमहल प्रखंड क्षेत्र के मंडई के पास सखी बगीचा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि एक जख्मी हो गई। चारों धान के खेत में काम कर रहीं थीं और इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना मंगलवार की दोपहर की है।

मृतकों में कुंती देवी, करुणा देवी और बिंदु देवी शामिल हैं। वहीं, काबो देवी घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुई है। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में तीन महिलाओं की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि घायल महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस के लिए फोन भी किया। लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। इस कारण चारों घायल महिलाओं को अस्पताल लाने में ग्रामीणों को काफी दिक्कत हुई। किराए के वाहन से चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।