खूंटी: खूंटी जिले के जियारप्पा स्थित एमएस पुष्पा पेट्रोल पंप पर नोजल कर्मी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 13 नवंबर की रात अज्ञात अपराधियों ने पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर नोजल कर्मी के पैर में गोली मार दी थी. घटना के बाद मौके पर PLFI के जोनल कमांडर राजेश यादव के नाम का एक पर्चा भी फेंका गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 14 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को BNS की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट की धारा 27 और CLA एक्ट की धारा 17 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई थी.
तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में धीरज उरांव उर्फ रादाम उर्फ रवि उरांव (23), सोनू महली (26) और राजेंद्र उरांव (26) शामिल हैं. धीरज उरांव रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के रोगाडीह पतराटोली का रहने वाला है. सोनू महली बेड़ो थाना क्षेत्र के नेहालु डीपा टोली और राजेंद्र उरांव गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के मठ तुरीअम्बा गांव का निवासी है.
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी धीरज उरांव पहले भी दो बार जेल जा चुका है. उसके खिलाफ बेड़ो, डोरंडा, पिठोरिया, लापुंग और सुखदेवनगर थानों में आर्म्स एक्ट और चोरी समेत विभिन्न धाराओं में सात मामले दर्ज हैं.
तीन पिस्टल, एक कट्टा और दो बाइक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं. इनमें तीन देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, आठ गोलियां, दो मैगजीन, दो TVS अपाचे मोटरसाइकिल, एक हेलमेट और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं. इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और जूते भी बरामद किए गए हैं.
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी बाबू वंशी साव, पुलिस अवर निरीक्षक चमरा मिंज, रौशन खाखा, अमरजीत सिंकु, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा खूंटी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
Also Read : झारखंड: संध्या अर्घ्य के दौरान छठ घाटों पर मुस्तैद रही पुलिस, रामगढ़ एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा





