Patna : बिहार के बांका जिले के मल्लिकटोला में राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष परवेज अहमद के घर चोरों ने सेंधमारी कर दी। परवेज जब विधानसभा टिकट के लिए परिवार सहित पटना गए थे, तब चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
रसोई की खिड़की तोड़कर की चोरी
पुलिस के अनुसार, चोरों ने रसोईघर की खिड़की काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने छह कमरों के दरवाजे और ताले तोड़ डाले। चोरों ने गोदरेज, अलमारी और बक्सों की तलाशी लेकर करीब पांच लाख रुपये के गहने और नकदी लूट ली। घर के चौखट तक को नुकसान पहुंचाया गया।
मोहल्ले वालों ने दी सूचना
सुबह मोहल्ले वालों ने टूटे ताले देखकर परवेज को सूचना दी। पटना से लौटने पर उन्होंने घर की हालत देखकर हैरानी जताई। परवेज ने बताया कि चोरी गए सामान का सटीक आकलन उनकी पत्नी के लौटने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने स्थानीय थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करने की बात कही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मोहल्ले वालों ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
Also Read : बिहार चुनाव 2025 : कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, 5 नए नामों का ऐलान


