Giridih: जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन से तांबे की तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी में धनबाद के केन्दुआडीह थाना क्षेत्र के कुसुंडा हाजरा बस्ती का रहने वाला कल्लू कुमार उर्फ कल्लू पासी, राजू भुईयां उर्फ कारू भुईयां और नरेश भुईयां उर्फ बिट्ठ्ठल भुईयां उर्फ कुटुम्ब शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तर आरोपियों के पास के चोरी किए गए तार के साथ घटना में इस्तेमाल वाहन और नकद राशि बरामद की है।
क्या है मामला
घटना 26-27 अप्रैल की रात की है, जब निमियाघाट सब स्टेशन के पीछे ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का काम चल रहा था। अज्ञात अपराधियों ने मौके पर तैनात गार्ड को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और लगभग 193 मीटर तांबे का तार लूट ले गए। उस समय तांबे की अनुमानित कीमत 15.58 लाख रुपये आंकी गई थी। साथ ही, अपराधियों ने गार्ड से एक मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी छीन लिए थे।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
निमियाघाट थाना कांड दर्ज करने के बाद एस पी डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लगभग 267 किलोग्राम तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, केबल कवर, औजार, मोबाइल फोन और 38 हजार रुपये नकद जब्त किये।
आरोपियों का है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अपराधी धनबाद जिले के कुसुंडा और उसके आसपास के रहने वाले हैं। इन सभी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Also Read : वैज्ञानिक सोच से बदलेगा झारखंड, सीएम हेमंत सोरेन ने बनाई नई रणनीति


