Ranchi : आदिवासी छात्र संघ, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में मंगलवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर छात्र संघ ने विश्वविद्यालय और राज्य के छात्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराया। विवेक तिर्की ने बताया कि झारखंड के आदिवासी, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के छात्र उच्च शिक्षा के दौरान आर्थिक, प्रशासनिक और शैक्षणिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना में हो रही देरी को गंभीर मुद्दा बताया। उनका कहना था कि छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान न होने के कारण कई छात्र अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालयों में स्थायी कुलपतियों की नियुक्ति की मांग भी की। उन्होंने कहा कि वर्षों से प्रभारी कुलपतियों के भरोसे विश्वविद्यालय संचालित होने से शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही, डीएसपीएमयू का नाम वीर शहीद बुधु भगत विश्वविद्यालय करने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई गई। छात्र संघ ने यह भी जोर देकर कहा कि विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जल्द कराए जाएं और उच्च शिक्षा प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाया जाए।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर छात्र संघ के उपाध्यक्ष दीपा कच्छप, प्रकाश भगत, सुलेखा कुमारी और अन्य छात्र प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
Also Read : दहेज की मांग ने ली विवाहिता की जान, पति गिरफ्तार


