Patna : बिहार पुलिस ने ड्राइवर-सिपाही भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा में कुल 15,516 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। अब इन अभ्यर्थियों को अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया जाएगा। कुल 4,361 पदों पर भर्ती होनी है।
बता दें कि भर्ती के लिए केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने जुलाई 2025 में विज्ञापन संख्या 02/2025 जारी किया था। इसके तहत 1,64,168 वैध आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 1,16,534 अभ्यर्थियों ने 10 दिसंबर 2025 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा दी। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई। हालांकि 18 अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन योग्य नहीं पाई गईं और उन्हें परिणाम से बाहर कर दिया गया।
लिखित परीक्षा में सफल 15,516 अभ्यर्थियों में 15,054 पुरुष, 461 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इसके अलावा चयनित सूची में 86 गोरखा अभ्यर्थी और 101 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित भी शामिल हैं।
CSBC के अनुसार, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) मार्च 2026 से शुरू होने की संभावना है। PET का विस्तृत कार्यक्रम और तिथि CSBC की आधिकारिक वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर जारी की जाएगी।
पर्षद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति चयन दिलाने के नाम पर संपर्क करे तो उसे फर्जी मानते हुए तुरंत पुलिस या साइबर थाना में सूचना दें। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह स्वच्छ, पारदर्शी और कदाचारमुक्त होगी, और अभ्यर्थियों का चयन केवल योग्यता और परीक्षा प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।


