Johar Live Desk : साल 2026 की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने लोगों को झटका दिया है। 1 जनवरी 2026 से सरकार ने LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। हालांकि राहत की बात यह है कि यह बढ़ोतरी केवल 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर में की गई है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में करीब 111 रुपये की बढ़ोतरी की है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, दिल्ली में अब 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 1,691.50 रुपये में मिलेगा। दिसंबर 2025 में इसकी कीमत 1,580.50 रुपये थी। इससे पहले नवंबर और दिसंबर में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में मामूली कटौती की गई थी। कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में होता है, ऐसे में दाम बढ़ने से खाने-पीने के कारोबार पर असर पड़ सकता है।
तेल कंपनियों ने बताया कि अन्य बड़े शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इसी तरह की बढ़ोतरी की गई है। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 8 अप्रैल 2025 के बाद से स्थिर बने हुए हैं।
Also Read : झारखंड में कड़ाके की ठंड, रांची शिमला से भी ठंडी


