Jamtara : नगर निकाय चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, जिले के दोनों शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। संभावित प्रत्याशियों की स्थिति अब धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी है। इसी क्रम में सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर जामताड़ा की जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता आशा गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी की औपचारिक घोषणा कर दी।
शुक्रवार को आशा गुप्ता ने अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर चुनाव लड़ने की घोषणा की। इस दौरान शहर के कई बुद्धिजीवी, समाजसेवी और व्यवसायी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, राजा नृत्य गोपाल सिंह, प्रदीप केडिया सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में आशा गुप्ता को समर्थन देने की बात कही और मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का भरोसा दिलाया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन ने कहा कि आशा गुप्ता एक जुझारू, संवेदनशील और कर्मठ महिला हैं। उन्होंने कहा कि वे केवल समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता की पत्नी के रूप में ही नहीं जानी जातीं, बल्कि उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। मोहनलाल बर्मन ने बताया कि आशा गुप्ता शिक्षित हैं और बी.एड. उत्तीर्ण हैं। उन्होंने गृहिणी की भूमिका से आगे बढ़कर समाज के हर वर्ग के साथ जुड़कर सक्रिय रूप से काम किया है।
उन्होंने कहा कि आशा गुप्ता ने छठ घाटों की साफ-सफाई, गरीबों के बीच खाद्यान्न वितरण, ठंड के मौसम में कंबल वितरण सहित कई सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। वे हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील रही हैं। इन्हीं कार्यों से प्रभावित होकर समाज के लोगों ने उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर आशा गुप्ता ने शहर के समग्र विकास को लेकर 11 सूत्री घोषणा पत्र भी जारी किया। उन्होंने बताया कि इसमें नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग विकास योजनाएं शामिल की गई हैं। घोषणा पत्र में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, सड़क और नाली निर्माण, नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पारदर्शी प्रशासन और भ्रष्टाचार मुक्त नगर पंचायत की परिकल्पना शामिल है।
अपनी दावेदारी की घोषणा करते हुए आशा गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है और अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से जामताड़ा नगर पंचायत में कुशासन, भय और भ्रष्टाचार का माहौल रहा है, जिसे समाप्त करना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव के लिए है।
आशा गुप्ता ने कहा कि वे जामताड़ा में एक अच्छे, समरस और विकसित समाज का निर्माण करना चाहती हैं, जहां जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान अधिकार और विकास का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि जो विकास अब तक रुका हुआ है, उसे गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता उनका साथ देगी।
प्रेस वार्ता में मौजूद समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने भी आशा गुप्ता की सामाजिक सक्रियता, 11 सूत्री विकास एजेंडे और जनसेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि आशा गुप्ता को नगर पंचायत की कमान मिलती है, तो जामताड़ा को विकास की नई दिशा मिल सकती है।
Also Read : सारंडा मु’ठभेड़ अपडेट : इनामी नक्सली रापा भी ढेर, अब तक 17 ला’श बरामद


