Ranchi : राजधानी रांची में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक और अहम कदम उठाया है। महापौर रोशनी खलखो ने शहर के अलग-अलग वार्डों में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं का सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। वार्ड संख्या 5 के बूटी मोड़ इलाके में आश्रयगृह निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इस आश्रयगृह के बनने के बाद जरूरतमंद लोगों को रहने के लिए सुरक्षित जगह मिल सकेगी।
पाथवे और सड़क निर्माण से मिलेगी राहत
इसी वार्ड में पीएचईडी कॉलोनी स्थित मेड फर्स्ट अस्पताल के पास पाथवे और पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी। वार्ड संख्या 4 के मोराबादी स्थित कुसुम विहार में (G+2) पुस्तकालय बनाने की भी शुरुआत की गई है। यह पुस्तकालय खासकर छात्रों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा, जहां वे शांत माहौल में पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं वार्ड संख्या 2 में रजिस्ट्री कार्यालय के पास वेंडिंग जोन और बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इससे फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिलेगी और इलाके में साफ-सफाई भी बेहतर होगी।
महापौर ने क्या कहा
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि ये सभी योजनाएं शहर के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि आश्रयगृह से जरूरतमंदों को सहारा मिलेगा, सड़क और पाथवे से आवाजाही आसान होगी और पुस्तकालय से छात्रों को बेहतर माहौल मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। साथ ही सभी योजनाओं को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का भरोसा भी दिया। इस कार्यक्रम में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड 2 की पार्षद सविता कच्छप, वार्ड 4 के पार्षद अमित मुंडा, वार्ड 5 के पार्षद अवधेश बैठा समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Also Read : ऑफिस से गायब मिले अधिकारी, गढ़वा डीसी ने मांगा जवाब


