New Delhi : राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर धरती हिली, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि झटकों की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप का केंद्र नॉर्थ दिल्ली में था और जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे हलचल हुई। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई।
लोगों में फैली दहशत
विशेषज्ञों के अनुसार यह भूकंप निम्न दर्जे का था और इतनी कम तीव्रता के झटकों से आमतौर पर नुकसान की संभावना नहीं होती। दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है और इसे सिस्मिक जोन-IV में रखा गया है। इसलिए हल्की कंपन भी लोगों को डरावनी लग सकती है।
पिछले साल भी महसूस हुए झटके
बीते साल 17 फरवरी को दिल्ली में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र धौला कुआं के पास था। 10 जुलाई को हरियाणा के झज्जर में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी झटके दिल्ली तक महसूस हुए। वहीं, 16 अप्रैल को अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप का असर भी राजधानी तक पहुंचा था।
भूकंप क्यों आते हैं
विशेषज्ञों के अनुसार पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटें लगातार खिसकती रहती हैं। भीतर जमा दबाव जब धीरे-धीरे बाहर आता है, तो हल्के भूकंप के झटके महसूस होते हैं। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कई छोटी फॉल्ट लाइन्स मौजूद हैं, इसलिए यहां समय-समय पर 2 से 4 तीव्रता के झटके आते रहते हैं।
Also Read : IICDEM-2026 की मेजबानी करेगा ECI, भाग लेंगे 70 से ज़्यादा देशों के प्रतिनिधि


