Johar Live Desk : चुनाव आयोग मंगलवार को केरल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की मसौदा मतदाता सूची जारी करेगा। यह सूची 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का हिस्सा है। इसी क्रम में 23 दिसंबर को अंडमान एवं निकोबार की मसौदा मतदाता सूची भी जारी की जाएगी।
चुनाव आयोग ने सभी सीईओ और डीईओ को निर्देश दिया है कि वे सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को प्रस्तावित मतदाता सूचियों की प्रति साझा करें। इसके अलावा, ये मसौदा सूची सीईओ और डीईओ की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी। सूची में अनुपस्थित, पलायन करने वाले और मृतक मतदाताओं की पूरी जानकारी शामिल होगी।
निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की डेडलाइन को पहले दो बार बढ़ाया था। 30 नवंबर को आयोग ने 12 राज्यों में गहन पुनरीक्षण की डेडलाइन बढ़ाकर 11 दिसंबर किया था और इसके बाद फिर से डेडलाइन बढ़ाई गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम मतदाता सूची को और अधिक सटीक और भरोसेमंद बनाने के लिए उठाया गया है।


