कर्नल रणवीर जमाल के नेतृत्व में शिष्टमंडल राज्यपाल से मिला, “हर शिखर तिरंगा मिशन” के लिए दी बधाई

रांचीः कर्नल रणवीर जमाल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल शुक्रवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से  राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान कर्नल जमाल ने आइडिएट इंस्पायर इग्नाइट फाउंडेशन की गतिविधियों से राज्यपाल को अवगत कराया। राज्यपाल ने इस अवसर पर कर्नल रणवीर एवं उनकी टीम को “हर शिखर तिरंगा मिशन” के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी एवं इस प्रयास के लिए सरहाना की।

शिष्टमंडल द्वारा कहा गया कि वर्तमान व भविष्य की पीढ़ियों को वैज्ञानिक ज्ञान, खेल, साहसिक कार्य एवं विभिन्न प्रकार की कलाओं से जोड़ना एवं सशक्त करना उनका लक्ष्य है। संस्था के संस्थापक व निदेशक राजीव गुप्ता झारखंड के लोगों को विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रेरित करने हेतु प्रयासरत है।

विदित हो कि 9 सितंबर, 2023 को कर्नल रणवीर एवं उनकी टीम द्वारा पारसनाथ की सबसे ऊंची चोटी पर अपने देश का तिरंगा फहराया जायेगा, जो झारखंड राज्य के लिए गौरव की बात है। “हर शिखर तिरंगा” मिशन न केवल भारत की एकता का प्रतीक है, बल्कि इसके विविध भूगोल और संस्कृति को भी दर्शाता है। यह लोगों में पर्यावरण के संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करता है और देशभक्ति और साहस का संचार करता है। इसके अलावा, यह स्थानीय समुदायों को अपने अभियान से जोड़ता है।

शिष्टमंडल द्वारा कहा गया कि अब तक इस टीम ने 24 राज्यों के सबसे ऊंचे पर्वत/स्थलों को चढ़ लिया है, जिसमें सभी सात पूर्वोत्तर राज्यों, हिमालयी राज्यों, और समुंदर किनारे के राज्यों के सबसे ऊंचे स्थल शामिल हैं। टीम अब झारखंड के सबसे ऊंचे स्थल पारसनाथ की ओर बढ़ रही है।