Rohtas : बिहार में अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में मंगलवार को रोहतास जिले के डेहरी अनुमंडल क्षेत्र में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों में हड़कंप मच गया।
डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ सड़क पर उतरी। आंबेडकर चौक से थाना चौक तक सड़क किनारे लगाए गए ठेला और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सभी फुटपाथ दुकानदारों को थाना चौक के पास निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया गया। प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कुछ अस्थायी दुकानदार अपने सामने पैसे लेकर सब्जी विक्रेताओं को ठेला लगाने देते हैं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही ऑटो और टोटो चालकों की सुविधा के लिए जल्द ही अलग से ऑटो स्टैंड बनाने की योजना भी प्रशासन ने बताई है, ताकि यातायात व्यवस्था को बेहतर किया जा सके। प्रशासन ने जानकारी दी कि मुख्य बाजार से लेकर आंबेडकर चौक तक के पूरे क्षेत्र को अब नो वेंडर जोन घोषित किया गया है। दुकानदारों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित वेंडर जोन में ही अपना ठेला और दुकान लगाएं। प्रशासन का कहना है कि आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, ताकि शहर में यातायात सुचारु हो और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
Also Read : कोडरमा के जलाशयों में पहुंचे साइबेरियन डक, सर्दियों में बढ़ी पर्यटन रौनक

