Kodarma : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाबाद मेन मार्केट में गाय के बछड़े का अवशेष मिलने से इलाके में तनाव फैल गया। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग बाजार क्षेत्र में जमा हो गए और विरोध जताने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने परसाबाद बाजार से गुजरने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोग दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना मिलने पर जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह और परसाबाद पुलिस पिकेट प्रभारी प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और शांति बनाए रखने की अपील की। हालांकि, ग्रामीण प्रशासन से ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। देर रात पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत किया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद करीब चार घंटे से जारी सड़क जाम को हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। धीरे-धीरे स्थिति पर काबू पाया गया और लोग अपने घर लौट गए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती जारी है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
Also Read : तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर दे दी जान, पुलिस जुटी जांच में


