Jamtara: जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित प्रत्याशी चमेली देवी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नगर क्षेत्र के मतदाता मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और उत्साह देखने को मिला।
नामांकन के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए चमेली देवी ने कहा कि यह चुनाव जामताड़ा को वर्षों से चले आ रहे कठपुतली शासन और भ्रष्ट व्यवस्था से मुक्त कराने का निर्णायक अवसर है। उन्होंने साफ कहा कि नगर पंचायत को निजी जागीर की तरह चलाने की राजनीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता का राज स्थापित किया जाएगा।
चमेली देवी ने आरोप लगाया कि बीते 15 वर्षों से नगर पंचायत में चंद लोगों के हित में काम हुआ है। विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुँचाने के बजाय 2–4 संवेदकों के बीच बंदरबांट किया गया, जिससे सौ से अधिक संवेदक आज भी काम के अवसर से वंचित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी जीत के बाद पारदर्शी व्यवस्था लागू कर सभी को समान अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में जामताड़ा के बाजारों और व्यापारियों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। चुनाव के परिणाम के साथ ही इस डर को खत्म कर नगर क्षेत्र को भयमुक्त बनाया जाएगा, ताकि व्यापार, विकास और विश्वास—तीनों को मजबूती मिल सके। नामांकन कार्यक्रम में राज्य के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जामताड़ा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, आनंद टुडू, किशोर रवानी, मनोज झा, सागिर ख़ान समेत सैकड़ों की संख्या में नगर क्षेत्र के मतदाता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर परिवर्तन और जनता के शासन की स्थापना का संकल्प दोहराया।
Also Read : कोडरमा में बछड़े का अवशेष मिलने से तनाव, चार घंटे तक जाम रही सड़क


