Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित कुम्हारपाड़ा में गुरुवार सुबह एक 38 साल दिव्यांग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर के कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम छा गया।
काफी देर तक कमरे से नहीं आई कोई आवाज
मृतक की पहचान सूरज प्रसाद के रूप में हुई है। वह अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा इलाके में रहता था। गुरुवार सुबह काफी देर तक उसके कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर घरवालों को शक हुआ। परिजन जब कमरे के अंदर गए तो सूरज जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। यह देख परिजन घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक कीटनाशक की बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
मोबाइल फोन में मिला वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को सूरज के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है। बताया जा रहा है कि वीडियो में उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया है। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।
ट्रेन हादसे के बाद से परेशान था युवक
परिजनों के अनुसार करीब छह महीने पहले सूरज प्रसाद एक ट्रेन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हादसे में उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गए थे। हादसे के बाद से वह शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। परिवार वालों का कहना है कि वह अक्सर अवसाद में रहता था और इसी वजह से वह काफी तनाव में रहता था।
दो शादियां कर चुका था सूरज
परिजनों के मुताबिक सूरज प्रसाद ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी इलाके में रहती है, जबकि वह अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
Also Read : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन, अमित शाह रहे मौजूद

